एनसी के पाकिस्तान-समर्थक बयान और आतंकी हमले, एक गहरी साजिश की ओर इशारा करते हैं: बीजेपी

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 13 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हरि दत्त शिशु ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला के हालिया बयानों की कड़ी निंदा की है। डॉ. अब्दुल्ला ने आतंकवाद के खत्म होने का इंतजार किए बिना पाकिस्तान के साथ बिना शर्त बातचीत करने की वकालत की थी।

12 नवंबर 2026 को दिए गए डॉ. अब्दुल्ला के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जिसमें उन्होंने कहा था कि इस्लामाबाद के साथ बातचीत शुरू करने के लिए भारत को बंदूकें शांत होने का इंतजार नहीं करना चाहिए, डॉ. शिशु ने कहा कि ऐसे बयान हमारे सुरक्षाबलों और निर्दोष नागरिकों के बलिदानों के प्रति बेहद असंवेदनशील हैं।

डॉ. शिशु ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब भी जम्मू-कश्मीर में शांति, स्थिरता और विकास की नींव पड़ती है तो नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ बातचीत करने का अपना पुराना राग अलापने लगते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ पाकिस्तान के मोहरे कुलगाम और किश्तवाड़ जैसे इलाकों में निर्दोष लोगों और सुरक्षाकर्मियों को निशाना बना रहे हैं, और दूसरी तरफ डॉ. फारूक अब्दुल्ला पाकिस्तान से बातचीत करने की जिद कर रहे हैं। यह इन पार्टियों की खोखली राजनीति को उजागर करता है।

डॉ. शिशु ने एनसी और पीडीपीपी जैसी पार्टियों के राजनीतिक बयानों और केंद्र शासित प्रदेश में होने वाली हिंसा के समय के बीच एक चिंताजनक संबंध की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता एक स्पष्ट और परेशान करने वाला पैटर्न देख रही है। कश्मीर में लक्षित हत्याओं (टारगेट किलिंग) और कायरतापूर्ण आतंकी हमलों में अचानक आई तेजी, अक्सर एनसी और पीडीपी नेताओं के गैर-जिम्मेदाराना और भड़काऊ बयानों के समय से मेल खाती है।

केंद्र सरकार के कड़े सुरक्षा कदमों पर सवाल उठाकर और पाकिस्तान का पक्ष लेकर ये नेता अनजाने में अलगाववादी तत्वों को बढ़ावा देते हैं और जमीन पर तैनात हमारे बहादुर सुरक्षाबलों का मनोबल गिराते हैं।

आतंकवाद के प्रति बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की 'जीरो-टॉलरेंस' (शून्य सहनशीलता) नीति को दोहराते हुए डॉ. शिशु ने जोर देकर कहा कि आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते।

उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की राजनयिक बातचीत पर विचार करने से पहले पाकिस्तान को अपने आतंकी ढांचे को पूरी तरह से खत्म करना होगा। डॉ. शिशु ने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है था और हमेशा रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776664 Articles

Share this story