महिला डिग्री कॉलेज कठुआ में एनसीसी रैंक समारोह आयोजित, कैडेटों को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां

WhatsApp Channel Join Now
महिला डिग्री कॉलेज कठुआ में एनसीसी रैंक समारोह आयोजित, कैडेटों को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां


कठुआ, 06 नवंबर (हि.स.)। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज कठुआ की एनसीसी इकाई की ओर से कॉलेज के एमएच हॉल में एनसीसी रैंक समारोह-2026 उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. (प्रो.) जयपाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रिंसिपल के पारंपरिक स्वागत, सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने राजस्थानी, हरियाणवी और पंजाबी लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। समारोह का मुख्य आकर्षण एनसीसी कैडेटों को उनकी मेहनत, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण के लिए विभिन्न रैंक प्रदान करना रहा।

इस दौरान कैडेट अंशिका ने अपने संबोधन में युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत बनाने में एनसीसी की भूमिका पर प्रकाश डाला।

प्रिंसिपल डॉ. (प्रो.) जयपाल सिंह ने एनसीसी इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए रैंक प्राप्त करने वाले कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने कैडेटों से एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं सीटीओ डॉ. सोनिका जसरोटिया ने नव-रैंक प्राप्त कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रैंक केवल सम्मान का प्रतीक नहीं बल्कि इसके साथ बड़ी जिम्मेदारी और नेतृत्व का दायित्व भी जुड़ा होता है। उन्होंने कैडेटों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी गीत, स्मृति चिह्न भेंट करने तथा सामूहिक फोटो सत्र का भी आयोजन किया गया। समारोह का समापन देशभक्ति के भावपूर्ण माहौल में हुआ। इस आयोजन ने कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story