एसएमवीडीयू में एनसीसी कैडेटों को दिया ड्रोन प्रशिक्षण
जम्मू, 28 अक्टूबर (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) में 1 जेएंडके एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के सहयोग से एनसीसी कैडेटों के लिए ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जम्मू, श्रीनगर और लद्दाख के कैडेटों ने भाग लेकर ड्रोन संचालन और इससे जुड़ी तकनीकी दक्षताओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेटों को ड्रोन तकनीक से परिचित कराने के साथ उनके व्यावहारिक कौशल को विकसित करना और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम से चयनित कैडेट तमिलनाडु में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय ड्रोन प्रतियोगिता में एनसीसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का समन्वय एसएमवीडीयू के एनसीसी समन्वयक लेफ्टिनेंट (डॉ.) वरुण दत्ता और एयर एनसीसी की प्रभारी डॉ. यति अग्रवाल ने किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रगति कुमार और रजिस्ट्रार अजय कुमार शर्मा ने एनसीसी इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल युवाओं में तकनीकी दक्षता, नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

