नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों ने कथित तौर पर फारूक अब्दुल्ला को व्हाट्सएप पर भेजी मांगों की सूची

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 31 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर नाराजगी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच खबर है कि पार्टी के कुछ विधायकों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला को व्हाट्सएप के जरिए अपनी मांगों की एक सूची भेजी है। बताया जा रहा है कि इस सूची में मुख्यमंत्री के सलाहकार को हटाने और जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करवाने के लिए ठोस कदम उठाने जैसी मांगें शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे के बाद पार्टी के कुछ विधायकों में असंतोष की चर्चा है। इसी सिलसिले में विधायकों ने अपनी चिंताओं और मांगों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि विधायकों की नाराजगी केवल मंत्री पद नहीं मिलने तक सीमित नहीं है बल्कि सरकार के कामकाज और कुछ फैसलों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

खबरों के अनुसार विधायकों ने अपनी मांगों में मुख्यमंत्री के सलाहकार को पद से हटाने का मुद्दा उठाया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की दिशा में पार्टी और सरकार से अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की मांग की गई है। हालांकि व्हाट्सएप पर भेजी गई कथित मांगों की सूची और उसमें शामिल सभी बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

गौरतलब है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ नेताओं की नाराजगी और बंद कमरे में विधायकों की बैठक की खबरें भी सामने आई थीं। ऐसे में अब फारूक अब्दुल्ला को मांगों की सूची भेजे जाने की खबर ने पार्टी के अंदर चल रही राजनीतिक हलचल को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नेशनल कॉन्फ्रेंस का शीर्ष नेतृत्व नाराज विधायकों की मांगों पर कोई फैसला लेगा या फिर आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर मतभेद और खुलकर सामने आएंगे। फिलहाल इस मामले में पार्टी नेतृत्व की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769795 Articles

Share this story