नेकां नेता ने किया दावा, मुगल मैदान में छह दिन से बीएसएनएल नेटवर्क है ठप, लोग परेशान
जम्मू, 21 नवंबर (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता एवं चिनाब वैली क्षेत्र के प्रवक्ता अजीत भगत ने किश्तवाड़ जिले के मुगल मैदान तहसील सहित चिनाब घाटी के ग्रामीण इलाकों में बीएसएनएल नेटवर्क की खराब स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मुगल मैदान में धर टावर का नेटवर्क पिछले छह दिनों से पूरी तरह बंद पड़ा है जिससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भगत ने कहा कि मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध न होने के कारण लोगों को ओटीपी प्राप्त करने, नई सिम सक्रिय करवाने और मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (एमएनपी) जैसी सेवाओं का लाभ लेने में दिक्कतें आ रही हैं। इससे दुकानदारों का दैनिक कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोग नेटवर्क संबंधी शिकायतें लेकर दुकानों पर पहुंचते हैं जबकि इस समस्या के लिए दुकानदार जिम्मेदार नहीं हैं।
उन्होंने बीएसएनएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक और जम्मू-कश्मीर के मुख्य महाप्रबंधक से मामले में हस्तक्षेप कर मुगल मैदान सहित किश्तवाड़, डोडा और रामबन के ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समस्या का अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान किया जाना चाहिए ताकि लोगों को बार-बार इस परेशानी से न गुजरना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

