नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर विधानसभा में लाएगी शराबबंदी विधेयक : तनवीर सादिक

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 18 मार्च (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अगले सत्र में कई महत्वपूर्ण विधायी प्रस्ताव पेश करेगी, जिनमें केंद्र शासित प्रदेश में शराब और तंबाकू पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने वाला एक निजी विधेयक भी शामिल है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुख्य प्रवक्ता ने मीडिया से बात करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भूमि अधिकार बहाल करने के उद्देश्य से भूमि अनुदान अधिनियम 2025 पेश करने की योजना का खुलासा किया और आरोप लगाया कि 2022 के संशोधन ने गरीबों से जमीन छीन ली है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर मेरा दृढ़ विश्वास है कि शराब पर प्रतिबंध लगना चाहिए। इसी तरह का एक विधेयक पीडीपी शासन के दौरान लाया गया था, लेकिन तत्कालीन वित्त मंत्री ने इसे रोक दिया था। उन्होंने कहा कि अगर उस समय ऐसा किया गया होता तो आज हमें इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती।

मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ज़ादिबल ने भारत के आम आदमी पर इसके सीधे प्रभाव, विशेष रूप से एलपीजी और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बारे में चेतावनी दी। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद डटकर खड़े रहने के लिए ईरान की प्रशंसा की और नई दिल्ली से दोनों पक्षों के साथ अपने राजनयिक संबंधों का लाभ उठाकर शांति स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने आगे कहा कि अगर भारत इस युद्ध को समाप्त करने में भूमिका निभाता है, तो यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story