‘राष्ट्रीय एकता यात्रा’ का शुभारंभ, 30 विद्यार्थी पांच राज्यों का करेंगे भ्रमण, ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का देंगे संदेश
जम्मू, 26 फ़रवरी (हि.स.)। लेह स्थित लोक भवन में आज ‘राष्ट्रीय एकता यात्रा’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह यात्रा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा एसईआईएल और विद्यार्थी सेवा एजुकेशनल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित की गई है। कार्यक्रम को लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एबीवीपी नॉर्थ ज़ोन के संगठन सचिव गौरव अत्री भी उपस्थित रहे। इस यात्रा के अंतर्गत लद्दाख के नुब्रा, कारगिल, लेह, लामायुरु, शांग, न्योमा और जांस्कर सहित विभिन्न क्षेत्रों के 30 विद्यार्थी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण करेंगे। यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की विविध संस्कृति, परंपराओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं से परिचित कराना है ताकि उनमें राष्ट्रीय एकता और समरसता की भावना सुदृढ़ हो।
यात्रा के दौरान विद्यार्थी पांच राज्यों में 80 से अधिक परिवारों के साथ ‘घर से दूर एक घर’ थीम के तहत रहेंगे जो ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को साकार करेगा। वे विभिन्न शिक्षण संस्थानों, विशिष्ट व्यक्तित्वों और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों से संवाद भी करेंगे। यह यात्रा 11 मार्च को संपन्न होगी। कार्यक्रम की प्रेरणा 1966 में प्रारंभ हुए एसईआईएल (स्टूडेंट्स एक्सपीरयंस इन इंटर-स्टेट लिविंग) अभियान से ली गई है जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रीय समन्वय को प्रोत्साहित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

