भारतीय ज्ञान परंपरा से सतत व्यावसायिक विकास के नए आयाम तलाशेगी राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय ज्ञान परंपरा से सतत व्यावसायिक विकास के नए आयाम तलाशेगी राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस


जम्मू, 26 नवंबर (हि.स.)। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू में भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक व्यावसायिक प्रबंधन के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। 26 नवंबर को शुरू हुए इस सम्मेलन का विषय ‘सतत व्यावसायिक विकास के लिए टिकाऊ प्रथाएं : भारतीय ज्ञान प्रणाली से प्राप्त अंतर्दृष्टि’ रखा गया है। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के मार्केटिंग एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट विभाग की ओर से भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) के सहयोग से आयोजित सम्मेलन में देश के 20 संस्थानों से करीब 80 शोध पत्र प्राप्त हुए हैं।

उद्घाटन सत्र में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल मुख्य अतिथि जबकि जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव जैन ने अध्यक्षता की। प्रो. बंसल ने भारतीय ज्ञान प्रणाली की समृद्ध परंपरा को आधुनिक व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और युवाओं के कौशल विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ज्ञान और नवाचार के समन्वय से सतत व्यावसायिक विकास के नए रास्ते तलाशे जा सकते हैं। वहीं प्रो. संजीव जैन ने कहा कि स्वदेशी ज्ञान, नैतिक नेतृत्व और टिकाऊ कार्यप्रणाली भविष्य के व्यवसाय और उच्च शिक्षा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

आईआईटी बॉम्बे के प्रो. दिनेश शर्मा ने मुख्य वक्तव्य में आधुनिक जीवन और प्रबंधन में भारतीय ज्ञान प्रणाली की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की डीन प्रो. नीलिका अरोड़ा और डीन रिसर्च प्रो. असित मंत्री ने भी विचार रखे। सम्मेलन के संयोजक डॉ. विनय कुमार ने आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए पारंपरिक भारतीय ज्ञान और आधुनिक प्रबंधन सिद्धांतों के बीच की दूरी कम करने की आवश्यकता बताई।

उद्घाटन सत्र के बाद दो पैनल चर्चाओं में विशेषज्ञों ने भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों और स्वदेशी प्रबंधन सिद्धांतों को आधुनिक व्यावसायिक रणनीतियों में शामिल करने पर चर्चा की। सम्मेलन के दौरान शोध पत्र प्रस्तुतियों और अकादमिक विचार-विमर्श के माध्यम से सतत विकास, जिम्मेदार नेतृत्व और नवाचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story