नेशनल कॉन्फ्रेंस आंतरिक फूट का सामना कर रही है-सुनील शर्मा

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस आंतरिक फूट का सामना कर रही है और कहा कि पार्टी की यह असंतुष्टि अंततः इसके विघटन और सरकार के पतन का कारण बनेगी।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा कि पार्टी का एक वर्ग वंशवादी राजनीति का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर एक असंतुष्ट समूह है जो लगातार मांग कर रहा है कि अब परिवारवाद नहीं चलेगा। वंशवाद अब नहीं चलेगा। शर्मा ने आगे कहा कि मैंने कहा था कि उनके भीतर पहले ही फूट पड़ चुकी है। पार्टी भी टूटेगी और सरकार भी गिर जाएगी।

उन्होंने उन आरोपों का खंडन किया कि भाजपा ने सरकार गठन की संभावनाओं को तलाशने के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों से संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि जब मैं आपको बता रहा हूँ कि भाजपा सरकार नहीं बनाएगी तो हमें किसी से संपर्क क्यों करना चाहिए? हमें उनसे संपर्क करने की क्या आवश्यकता है? यह उनका अपना मामला है। हमें इसमें क्यों दखल देना चाहिए?

शर्मा ने एनसी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला की पाकिस्तान संबंधी टिप्पणियों की भी आलोचना की और अब्दुल्ला परिवार पर पाकिस्तान का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए जांच एजेंसियों से कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि उम्र चाहे युवा हो या बुजुर्ग जो भी देश के खिलाफ ऐसे बयान देता है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story