‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का आगाज
जम्मू, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उधमपुर, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ नामक एक राष्ट्रीय स्तरीय क्विज पहल शुरू की गई है। यह जानकारी माय भारत उधमपुर के उप निदेशक खुशाल गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट की प्रक्रिया, शासन की प्राथमिकताओं और विकास से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से युवा नागरिक न केवल बजट से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे बल्कि विकसित भारत की दिशा में अपने विचार और सुझाव भी साझा कर सकेंगे।
खुशाल गुप्ता के अनुसार क्विज के लिए पंजीकरण 3 फरवरी 2026 से शुरू हो चुका है और इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागियों को ‘विकसित भारत बजट’ विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर युवा संवाद में भाग लेने का अवसर भी मिल सकता है।
इस पहल के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों, युवा क्लबों, एनएसएस इकाइयों, माय भारत स्वयंसेवकों तथा अन्य युवा संगठनों से जानकारी को व्यापक रूप से साझा करने का आग्रह किया गया है ताकि अधिक से अधिक युवा इस प्रक्रिया से जुड़ सकें। बताया गया कि यह क्विज युवाओं के लिए सरल, जानकारीपूर्ण और सहभागिता आधारित है जिससे वे सार्वजनिक नीति और राष्ट्र निर्माण से सीधे तौर पर जुड़ सकें। यह पहल युवाओं की सोच और भागीदारी को नीति निर्माण की दिशा में एक मंच प्रदान करने का प्रयास है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

