मुट्ठी कैंप में नि:शुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, 267 मरीजों को मिला लाभ

WhatsApp Channel Join Now
मुट्ठी कैंप में नि:शुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, 267 मरीजों को मिला लाभ


जम्मू, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू के मुट्ठी कैंप स्थित कम्युनिटी हॉल में वीरवार को पीपुल्स हट फाउंडेशन ने राहत एवं पुनर्वास विभाग (एम) जम्मू-कश्मीर के सहयोग से एक व्यापक “फ्री मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल कैंप” का सफल आयोजन किया। शिविर में कुल 267 मरीजों की जांच व उपचार किया गया, जिनमें बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक रही। शिविर का उद्घाटन राहत एवं पुनर्वास आयुक्त (एम) डॉ. अरविंद करवानी ने किया।

इस अवसर पर डीसी रिलीफ विजय कुमार शर्मा, रॉकी पंडिता तथा टीआरटी मुट्ठी कैंप के अध्यक्ष अनिल भान भी उपस्थित रहे। यह शिविर फाउंडेशन के “मोबाइल हेल्थ क्लिनिक प्रोग्राम” का हिस्सा है जिसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है। कार्यक्रम को उजाला सिग्नस जेके मेडिसिटी की “सेहत चौपाल पहल”, शार्प साइट आई हॉस्पिटल और आयुष निदेशालय का सहयोग प्राप्त हुआ।

शिविर में जनरल फिजिशियन, आर्थोपेडिक्स, फिजियोथेरेपी, नेत्र जांच, आयुष एवं एलोपैथिक दवाओं की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की विस्तृत जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। डॉ. अरविंद करवानी ने कहा कि इस प्रकार के शिविर विशेष चिकित्सा सुविधाओं और जरूरतमंद लोगों के बीच की दूरी को कम करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को सरकारी समर्थन देने का आश्वासन दिया। आयोजकों ने बताया कि फाउंडेशन आगे भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों की सेवा करता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story