भूस्खलन के कारण फिर बंद हुई मुगल रोड, मार्ग बहाल करने में जुटा प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now

पुंछ, 03 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक मुगल रोड पर एक बार फिर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हो गया है। शोपियां जिले की ओर सुख सराय क्षेत्र में हुए लैंडस्लाइड के चलते प्रशासन ने एहतियातन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

प्रशासन के अनुसार, सोमवार को सुख सराय इलाके में अचानक भूस्खलन होने से मुगल रोड का एक हिस्सा मलबे से भर गया, जिसके कारण दोनों ओर से वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा सड़क को जल्द से जल्द खोलने के लिए राहत एवं सफाई कार्य शुरू कराया।

प्रशासन ने यात्रियों से अगली सूचना तक मुगल रोड से यात्रा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यातायात दोबारा शुरू किया जाएगा।

यातायात विभाग ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य अधिकृत माध्यमों से सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति और मलबा हटाने के कार्य की प्रगति के आधार पर मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल एहतियात के तौर पर लोगों को वैकल्पिक यात्रा योजना अपनाने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story