आवास न देने को लेकर सांसद ने उमर पर बोला बड़ा हमला, राजनीतिक साजिश का आरोप
जम्मू, 23 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर श्रीनगर में सरकारी आवास न देने को लेकर गंभीर आरोप लगाए। खटाना ने इसे एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि उन्हें कश्मीर में लोगों से मिलने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
खटाना ने नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने दशकों तक जनता को गुमराह किया जबकि अब जमीनी स्तर पर भाजपा का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में कश्मीर में स्थिरता और विकास आने का दावा किया।
उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की प्रशासनिक नीतियों की भी सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खटाना ने आरोप लगाया कि उन्होंने वर्ष 2025 में आवास के लिए आवेदन किया था जो एक साल से लंबित है। उन्होंने इसे प्रशासनिक देरी न मानते हुए एक सुनियोजित प्रयास बताया। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों पर भी प्रक्रिया को रोकने के आरोप लगाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

