भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को लेकर सांसद गुलाम अली खटाना ने की तैयारी बैठक

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को लेकर सांसद गुलाम अली खटाना ने की तैयारी बैठक


जम्मू, 05 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा के मनोनीत सांसद इंजीनियर गुलाम अली खटाना के आवासीय कार्यालय में रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित जम्मू दौरे की तैयारियों को लेकर एक व्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व चेयरमैन, पूर्व सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में अखनूर, मढ़, नगरोटा, बम्याल, शीबा, आर.एस. पुरा, निक्की तवी, छठा, चावड़ी, बठिंडी, डोगियां, बत्रा, सिद्धड़ा, बजालता, गुज्जर नगर, कठुआ, सुनजवां, बर्मिन, विधाता नगर, बक्शी नगर, रिहाड़ी, बंतालाब, सतवारी, गांधी नगर, मलिक मार्केट, चन्नी, भलवाल सहित जम्मू के कई क्षेत्रों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे का उत्साहपूर्वक स्वागत करने और इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने सभी निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर सांसद इंजीनियर गुलाम अली खटाना ने कहा कि पूर्ववर्ती नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस सरकारों ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को केंद्र सरकार की अनेक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं, संवैधानिक अधिकारों, वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) तथा अन्य प्रमुख योजनाओं के लाभ से वंचित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारें विकास और रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय युवाओं को गुमराह करती रहीं जिससे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ी और हजारों परिवार अवसरों से वंचित रहे।

उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान भी जनता को किए गए अनेक वादे पूरे नहीं हुए और प्रशासनिक स्तर पर कई कमियां देखने को मिलीं। उन्होंने दावा किया कि आज भी अनेक लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं जबकि पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पात्र वर्गों को उनके अधिकारों और लाभों से वंचित रखा जा रहा है। खटाना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता अब वादों और प्रदर्शन की राजनीति के बीच अंतर समझ चुकी है तथा विकास, पारदर्शिता और समावेशी शासन के पक्ष में खड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story