राजौरी-पुंछ आपदा पर सांसद ने जताया शोक, बिजली-पानी और सड़कें जल्द बहाल करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
राजौरी-पुंछ आपदा पर सांसद ने जताया शोक, बिजली-पानी और सड़कें जल्द बहाल करने की मांग


जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा के मनोनीत सांसद इंजीनियर गुलाम अली खटाना ने राजौरी, पुंछ और जम्मू-कश्मीर के अन्य क्षेत्रों में हाल ही में आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन से हुई जनहानि और व्यापक नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जानी चाहिए। खटाना ने कहा कि इस आपदा में लगभग 28 लोगों की मौत हुई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं और बड़ी संख्या में घरों, सड़कों, पुलों तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने चिंता जताई कि कई प्रभावित गांवों में अब भी बिजली, पेयजल और सड़क संपर्क पूरी तरह बहाल नहीं हो सका है जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार और संबंधित विभागों से युद्धस्तर पर बिजली, पेयजल आपूर्ति और सड़क संपर्क बहाल करने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी प्रभावित गांव आवश्यक सेवाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने, मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समयबद्ध सहायता पहुंचाने की मांग की। राजौरी, पुंछ और अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए खटाना ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने और लोगों को हरसंभव राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story