पीपुल्स हट फाउंडेशन और डॉ. लाल पैथलैब्स के बीच एमओयू, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेंगे

WhatsApp Channel Join Now
पीपुल्स हट फाउंडेशन और डॉ. लाल पैथलैब्स के बीच एमओयू, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेंगे


जम्मू, 16 जुलाई (हि.स.)। जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से पीपुल्स हट फाउंडेशन और डॉ. लाल पैथलैब्स (कलेक्शन सेंटर), बिक्रम चौक जम्मू के बीच गुरुवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पांच वर्षीय समझौता वर्ष 2031 तक प्रभावी रहेगा जिसके तहत जम्मू क्षेत्र में जरूरतमंद एवं वंचित समुदायों के लिए संयुक्त रूप से निःशुल्क चिकित्सा शिविर, स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एमओयू पर पीपुल्स हट फाउंडेशन की ओर से निदेशक एवं सीईओ डॉ. रोहित कौल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर फाउंडेशन की निदेशक एवं सीओओ रितु कौल तथा मुख्य सलाहकार विकास कौल भी मौजूद रहे। वहीं डॉ. लाल पैथलैब्स (कलेक्शन सेंटर), बिक्रम चौक की ओर से इसकी संचालिका रोशनी मनहास ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत डॉ. लाल पैथलैब्स शिविरों में प्रशिक्षित फ्लीबोटोमिस्ट, लैब तकनीशियन और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाएं उपलब्ध कराएगा। साथ ही आवश्यक डायग्नोस्टिक उपकरण, सैंपल कलेक्शन किट और रक्त जांच सहित बुनियादी पैथोलॉजी सेवाएं शिविरों एवं अपने केंद्र पर प्रदान करेगा। वहीं पीपुल्स हट फाउंडेशन लाभार्थियों की पहचान, पंजीकरण, शिविरों के आयोजन, जनजागरूकता, समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगा। दोनों संस्थाओं ने स्पष्ट किया कि यह सहयोग पूरी तरह गैर-व्यावसायिक और मानवीय उद्देश्य पर आधारित है। प्रत्येक संस्था अपने-अपने परिचालन खर्च स्वयं वहन करेगी ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें। यह साझेदारी जम्मू क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story