युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया, रैम्प सहित कई योजनाओं की दी गई जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया, रैम्प सहित कई योजनाओं की दी गई जानकारी


जम्मू, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) डोडा द्वारा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के तत्वावधान में एमएसएमई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम उपायुक्त कृष्णलाल और महाप्रबंधक डीआईसी मोहम्मद अशफ़ाक के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए। यह शिविर 30 मार्च को सरकारी आईटीआई डोडा में कस्तीगढ़ और घाट ब्लॉकों के लिए तथा 31 मार्च को सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज डोडा में भगवाह ब्लॉक के लिए आयोजित किए गए जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं, उद्यमियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रमों में एमएसएमई प्रदर्शन बढ़ाने और तेज करने योजना (आरएएमपी) के तहत एमएसएमई को वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव, क्षमता निर्माण और संस्थागत सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही एमएसएमई हेल्थ क्लीनिक के माध्यम से संकटग्रस्त इकाइयों के पुनर्वास और वित्तीय पुनर्गठन के उपाय भी बताए गए। शिविरों में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, स्वरोजगार योजनाओं, केंद्रीय एमएसएमई योजनाओं, जम्मू-कश्मीर औद्योगिक नीति और स्टार्टअप प्रोत्साहन कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला गया।

युवाओं को प्रोजेक्ट तैयार करने, कौशल आधारित उद्यम चुनने, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने और संस्थागत ऋण प्राप्त करने के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। इसके अलावा व्यापार सुधार कार्य योजना (बीआरएपी) के तहत सुधारों, स्टार्टअप सेल और बड़े निवेश प्रस्तावों के लिए रिलेशनशिप ऑफिसर की नियुक्ति की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित हुआ जिसमें उनके सवालों का समाधान किया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभाग हर संभव सहयोग जारी रखेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story