मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण-कठुआ में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण-कठुआ में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन


कठुआ, 17 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कठुआ द्वारा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन रिवाज पैलेस लखनपुर में किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी रही।

इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जम्मू-कश्मीर की पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में जिला प्रभारी प्रिया सेठी, जम्मू-कश्मीर भाजपा के महामंत्री बलदेव बिल्लोवरिया, सह-प्रभारी जिला कठुआ संजय बडू, भाजपा प्रवक्ता अंकुर शर्मा, विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण, जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा, कार्यक्रम इंचार्ज रणजीत सिंह पठानिया एवं सह-इंचार्ज महाबीर सम्बयाल सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि आर्थिक क्षेत्र में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत हाईवे, रेल, एयरपोर्ट और डिजिटल कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व विस्तार हुआ। जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और जनधन योजना ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया। डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया ने युवाओं को नए अवसर प्रदान किए। राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भारत अधिक सशक्त हुआ है।

नेताओं ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी बीते वर्षों में ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिला है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद विकास की रफ्तार तेज हुई है। पर्यटन, सड़क और रेल परियोजनाओं में तेजी आई है जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को सशक्त किया गया है। निवेश और औद्योगिक विकास के नए रास्ते खुले हैं जिससे युवाओं के लिए संभावनाएं बढ़ी हैं।

मुख्य अतिथि प्रिया सेठी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। देश आज आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है और जम्मू-कश्मीर में विकास का नया युग शुरू हुआ है। वहीं बलदेव बिल्लोवरिया ने कहा कि सरकार के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। अंकुर शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने देश को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिलाई है तो जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का माहौल बना है।

डॉ. भारत भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि कठुआ सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आई है और आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम इंचार्ज रणजीत सिंह पठानिया ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story