कुंजवानी में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत आधुनिक एस्पिरेशनल टॉयलेट्स का निर्माण शुरू

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू,, 14 जुलाई (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर के महामंत्री एवं जम्मू नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बिलावरिया ने मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत वार्ड नंबर-55, कुंजवानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधुनिक ‘एस्पिरेशनल टॉयलेट्स’ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना का निर्माण जम्मू नगर निगम की देखरेख में किया जाएगा।

इस अवसर पर बलदेव सिंह बिलावरिया ने बताया कि ये आधुनिक सार्वजनिक शौचालय अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे। इनमें ऑटोमैटिक फ्लश सिस्टम, टचलेस वॉश बेसिन, वॉयस गाइडेंस, महिलाओं और शिशुओं के लिए विशेष सुविधाएं, सौर ऊर्जा, बायोडाइजेस्टर तकनीक तथा पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराना है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनकी यात्रा अधिक आरामदायक होगी।

बिलावरिया ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, आधुनिक और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी आदत बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए बलदेव सिंह बिलावरिया का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story