जीडीसी हीरानगर में मॉडल युवा संसद का आयोजन, विद्यार्थियों ने पारित किया शिक्षा एवं आजीविका विधेयक

WhatsApp Channel Join Now
जीडीसी हीरानगर में मॉडल युवा संसद का आयोजन, विद्यार्थियों ने पारित किया शिक्षा एवं आजीविका विधेयक


हीरानगर, 02 नवंबर (हि.स.)। राजकीय जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की ओर से विद्यार्थियों को संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित करवाने के उद्देश्य से मॉडल युवा संसद का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में 23 विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष, विपक्ष और विभिन्न संसदीय पदों की भूमिका निभाई। शवी शर्मा ने लोकसभा अध्यक्ष जबकि मोक्ष ने राष्ट्रपति की भूमिका अदा की। विद्यार्थियों ने लोकसभा की कार्यवाही का सफलतापूर्वक मंचन करते हुए तीन वाचन प्रक्रियाओं के बाद ‘शिक्षा एवं आजीविका का अधिकार विधेयक 2026 पारित किया। निर्णायक मंडल ने जतिन मगोत्रा को प्रथम, प्रिंस बलोत्रा को द्वितीय तथा अंकिता शर्मा को तृतीय पुरस्कार के लिए चुना। प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ संवैधानिक कर्तव्यों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विजेताओं को स्मृति चिह्न जबकि सभी प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका प्रभावी ढंग से निभाने के लिए शवी शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ईएलसी समन्वयक प्रो. अमित कुमार शर्मा, प्रो. राकेश शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. विजय कुमार ने प्रस्तुत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story