बाढ़ प्रभावितों को विधायक डॉ. भारत भूषण ने दी राहत राशि
कठुआ, 06 मई (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने अगस्त 2025 की बाढ़ से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। यह सहायता गांव दिलवां में आयोजित पब्लिक दरबार एवं शिकायत निवारण शिविर के दौरान वितरित की गई जिसमें जिला विकास आयुक्त राजेश शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त विशवजीत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान दिलवां, परोला, रखे, चिंकै, चनोट, मरौली, बिज्जत और जमालपुर सहित अन्य गांवों के लोगों ने पेयजल की कमी, सड़कों और जल आपूर्ति योजनाओं की स्थायी बहाली की मांग उठाई। इस पर विधायक और जिला विकास आयुक्त ने बताया कि क्षतिग्रस्त ढांचे की अस्थायी मरम्मत कर दी गई है तथा स्थायी बहाली जल्द की जाएगी। विधायक ने जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि योजनाओं की स्थायी बहाली तक दिलवां पंचायत में टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर विधायक ने बाढ़ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त घरों वाले 10 परिवारों को एक-एक लाख रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 10 परिवारों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए। कुल मिलाकर 15 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई जिससे प्रभावित परिवार अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें।
उल्लेखनीय है कि इन परिवारों को पहले एसडीआरएफ और मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत भी सहायता मिल चुकी है। पूर्व सरपंच दिलावर सिंह, उत्तम सिंह, कैप्टन पवन शर्मा सहित अन्य लोगों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

