विधायक डॉ. भारत भूषण ने कठुआ में 62 लाख के विकास कार्यों की रखी नींव, पांच कार्य जनता को समर्पित
कठुआ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने शनिवार को कठुआ शहर के वार्ड नंबर-7 में 33.50 लाख रुपये की लागत से पूरे किए गए पांच विकास कार्य जनता को समर्पित किए। इसके अलावा उन्होंने दूरदराज के गांव बिज्जित स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में 28.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो अतिरिक्त कक्षों की आधारशिला रखी।
कठुआ के वार्ड नंबर-7 में विधायक ने अनिरुद्ध शर्मा (पूर्व पार्षद), संतोष राज, सफाई कर्मचारियों, पोस्टमास्टर और जग्गी फोरमैन के मोहल्लों में गलियों, नालियों और गहरी नालियों के सुधार से जुड़े कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की समस्या और गलियों-नालियों की जर्जर हालत को देखते हुए इन कार्यों को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद विधायक ने बिज्जित गांव का दौरा किया जहां अगस्त 2025 में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से सरकारी मिडिल स्कूल की इमारत को नुकसान पहुंचा था। विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने 28.50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले दो कमरों का नींव पत्थर रखा। इस दौरान बीडीओ कीढ़ियां गंडियाल सुकृति कौल, नगर समिति लखनपुर के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, पीडब्ल्यूडी ग्रामीण विकास विभाग के कनिष्ठ अभियंता, बिज्जित के पूर्व सरपंच उत्तम सिंह, दिलवां के पूर्व सरपंच दिलावर सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमन बाला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
बाद में विधायक डॉ. भारत भूषण ने राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ में आयोजित मेरा भारत नशा मुक्त युवा, विकसित भारत जागरूकता कार्यक्रम में भी भाग लिया।
इस दौरान विद्यार्थियों और कॉलेज के कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोहर लाल, प्राध्यापक, मेरा भारत के अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

