विधायक डॉ. भारत भूषण ने कठुआ में दो विकास कार्यों की रखी आधारशिला, एक जनता को किया समर्पित

WhatsApp Channel Join Now
विधायक डॉ. भारत भूषण ने कठुआ में दो विकास कार्यों की रखी आधारशिला, एक जनता को किया समर्पित


कठुआ, 9 सितंबर (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने बुधवार को तीन विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें दो कार्यों की आधारशिला रखी गई जबकि एक पूर्ण हो चुके कार्य को जनता को समर्पित किया गया।

विधायक ने जीपीएस लोअर शिवानगर में लगभग 13 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्षा कक्ष की आधारशिला रखी। इस कार्य के पूरा होने से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शिक्षण सुविधा उपलब्ध होगी। इसके बाद कुके चक में शहीद प्यार सिंह के स्मारक तथा योगा शेड का भी शिलान्यास किया गया। दोनों कार्यों की अनुमानित लागत करीब 8.30 लाख रुपये बताई गई है। शहीद के सम्मान में बनने वाला स्मारक क्षेत्र के लोगों के लिए उनके बलिदान की याद को संजोए रखने का माध्यम बनेगा।

विधायक डॉ. भारत भूषण ने परलीवंड वार्ड नंबर 8 कठुआ में करीब 12 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए गली एवं नालियों के कार्य का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इस कार्य से स्थानीय लोगों को आवागमन तथा जल निकासी की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर जीपीएस स्कूल का स्टाफ, शहीद प्यार सिंह के परिवार के सदस्य, राहुल देव, परशोत्तम शर्मा, बीडीओ, ब्लॉक जेई, पंचायत सचिव तथा वार्ड के प्रमुख लोग मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story