डॉ. भारत भूषण ने करड़ोह में सार्वजनिक पुस्तकालय का किया उद्घाटन, महा में सामुदायिक भवन का नींव पत्थर रखा
कठुआ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने बुधवार को लखनपुर के निकट करड़ोह गांव में सार्वजनिक पुस्तकालय का उद्घाटन कर इसे लोगों को समर्पित किया। इसके बाद उन्होंने महा गांव में रामलीला क्लब के निकट सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखा। पुस्तकालय के विकास के लिए पांच लाख रुपये मंजूर किए गए हैं जबकि सामुदायिक भवन का निर्माण तीन लाख रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा।
करड़ोह में पुस्तकालय का उद्घाटन करने के बाद विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध होना संतोष की बात है। इससे युवाओं और विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित होगी तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विधायक ने पुस्तकालय का निरीक्षण किया और वहां मौजूद विद्यार्थियों से बातचीत भी की।
विद्यार्थियों ने पुस्तकालय की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए विधायक का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय के विकास में रुचि लेने के लिए ग्रामीण विकास विभाग, खंड विकास अधिकारी कीरियां गांडियाल सुकृति कौल और उनकी टीम की सराहना की।
इसके बाद विधायक ने महा गांव में रामलीला क्लब के निकट सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। तीन लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाला यह भवन गांववासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने में सहायक होगा और स्थानीय लोगों को सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कीढ़ियां गंडियाल सुकृति कौल, जिला विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू, नगर समिति लखनपुर के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, पवन शर्मा सहित गांवों के स्थानीय लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

