विधायक डॉ. भारत भूषण ने दो ट्रांसफार्मर जनता को समर्पित किए, सावन चक में सुनीं लोगों की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
विधायक डॉ. भारत भूषण ने दो ट्रांसफार्मर जनता को समर्पित किए, सावन चक में सुनीं लोगों की समस्याएं


कठुआ, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने चक द्राब खान गांव में 100-100 केवीए क्षमता के दो बिजली ट्रांसफार्मर जनता को समर्पित किए। इसके बाद उन्होंने सावन चक क्षेत्र में आयोजित जनदरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

चक द्राब खान गांव के अलग-अलग वार्डों में स्थापित इन ट्रांसफार्मरों से कम वोल्टेज और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों के अनुसार पुराना ट्रांसफार्मर अक्सर खराब हो जाता था जिससे विशेषकर विद्यार्थियों को परेशानी होती थी। गांव के बुजुर्ग चैधरी लाल हुसैन ने बताया कि वे वर्ष 1983 से इस समस्या का सामना कर रहे थे। उन्होंने मांग पूरी करने के लिए विधायक का आभार जताया।

इस मौके पर जेपीडीसीएल के सहायक अभियंता अमित गुप्ता, जेई सुचैत शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके बाद सावन चक में आयोजित जनदरबार के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने बंदा बहादुर पार्क और नहर किनारे स्थित पार्क के विकास तथा पंजाबी भाषा को बढ़ावा देने का मुद्दा भी उठाया। विधायक डॉ. भारत भूषण ने इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। स्थानीय निवासियों ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

बाद में विधायक ने सामूहिक तर्पण कार्यक्रम में भाग लिया और दिवंगत सैनिकों व अन्य नागरिकों की आत्मिक शांति के लिए तर्पण कर प्रार्थना की। कार्यक्रम में मास तर्पण के राज्य प्रभारी छत्तर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंद्रात्रा सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story