एमके सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के नए सीआईडी प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला
श्रीनगर, 28 अगस्त (हि.स.)। एमके सिन्हा ने आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) का पदभार नीतीश कुमार से ग्रहण किया है जिनका तबादला एडीजी सशस्त्र पुलिस जम्मू-कश्मीर के रूप में किया गया है।
एक बयान के अनुसार कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सीआईडी जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और खुफिया विभाग के समग्र कामकाज की समीक्षा की। सिन्हा 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और एडीजी (मुख्यालय) पीएचक्यू जम्मू-कश्मीर के रूप में कार्यरत थे जबकि कुमार 1999 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और एडीजी सीआईडी/निदेशक एसआईए जम्मू-कश्मीर के रूप में कार्यरत थे।
बयान में कहा गया है कि सीआईडी जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारियों ने सिन्हा का स्वागत किया और उन्हें अपने कर्तव्यों के निर्वहन में पूर्ण सहयोग और प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया। उन्होंने निवर्तमान एडीजी कुमार को एडीजी आर्म्ड जम्मू-कश्मीर के रूप में उनके नए कार्यभार के लिए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

