रफियाबाद की लापता लड़की तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी की मदद से मिली- पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

बारामूला, 21 अक्टूबर(हि.स.)। रफियाबाद की 15 वर्षीय एक लड़की जो 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने के बाद लापता हो गई थी उसे बुधवार को श्रीनगर जिले में सुरक्षित ढूंढ लिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की को तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी की मदद से खोजा गया। 19 अक्टूबर को उसके लापता होने के बाद से ही उसे ढूंढने के प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि लड़की की पहचान रफियाबाद के लैसर गांव की रहने वाली उज़मा इरशाद के रूप में हुई है। वह डांगीवाचा के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में अपनी परीक्षा देने के बाद लापता हो गई थी।

अधिकारी ने कहा कि परिवार के अनुसार लड़की परीक्षा केंद्र से निकलकर वाटरगाम गांव पहुंची थी जिसके बाद उसका पता नहीं चल सका। अधिकारी ने बताया कि लड़की के लापता होने पर परिवार ने लोगों से मदद की अपील की थी। यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आया जहां लोगों ने उसे खोजने में मदद करने के लिए उसकी तस्वीरें शेयर कीं।

बुधवार सुबह लड़की के सुरक्षित मिल जाने के बाद परिवार ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की कि वे उसकी तस्वीरें डिलीट कर दें और उन्हें आगे शेयर न करें।

उन्होंने लोगों से नाबालिग की निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करने का आग्रह किया। परिवार ने आम जनता, शुभचिंतकों और उन सभी लोगों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने उसे खोजने में मदद की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764180 Articles

Share this story