कठुआ ब्राह्मण सभा के 7 दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में मंत्री सतीश शर्मा की शिरकत, भगवान परशुराम जयंती पर दी शुभकामनाएं
कठुआ, 18 अप्रैल (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने कठुआ स्थित ब्राह्मण सभा में चल रहे 7 दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर हीरानगर के विधायक विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों ने मंत्री का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद अखनूर के श्रीमद्भागवत कथावाचक कुलदीप शास्त्री ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। मंत्री ने कथा में पहुंचे श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला।
मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान अब सीधे तौर पर सफल नहीं हो पा रहा है इसलिए वह नशे के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है ताकि युवाओं को इस खतरे से बचाया जा सके।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि हीरानगर में बन रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम का काम तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि एक साल के भीतर वहां आईपीएल मैच आयोजित किए जा सकेंगे जिससे स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। इसी प्रकार सीयूईटी परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर मंत्री ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बच्चों के पैसे बर्बाद नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में छात्रों के हितों का पूरा ध्यान रखेगी। इस दौरान ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों ने मंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें भी रखीं जिन्हें मंत्री ने गंभीरता से नोट करते हुए जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

