देशभक्ति के रंग में रंगा कठुआ, मंत्री सतीश शर्मा ने फहराया तिरंगा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
देशभक्ति के रंग में रंगा कठुआ, मंत्री सतीश शर्मा ने फहराया तिरंगा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां


कठुआ, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वां स्वतंत्रता दिवस कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि एफसीएसएंडसीए, आईटी, युवा सेवा एवं खेल तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सतीश शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। पुलिस, सुरक्षा बलों, वन विभाग, एनसीसी तथा स्कूली विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।

समारोह में विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण, उपायुक्त राजेश शर्मा, एसएसपी मोहिता शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अपने संबोधन में मंत्री सतीश शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कठुआ को राष्ट्र का प्रहरी सीमावर्ती जिला बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार जम्मू-कश्मीर के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कठुआ में जिला कैपेक्स बजट के तहत 2,079 विकास कार्यों के लिए 70 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। खेलों पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि कठुआ को जम्मू-कश्मीर की स्पोर्ट्स कैपिटल बनाने की क्षमता है। जिले के 4,500 से अधिक बच्चों की राष्ट्रीय स्तर की खेलों में भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से खेल, कौशल, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कठुआ स्पोर्ट्स स्टेडियम के उन्नयन, सिंथेटिक ट्रैक, फ्लडलाइट्स और अन्य सुविधाओं के विकास की जानकारी भी दी। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। देशभक्ति गीतों, नृत्य और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों में जोश भर दिया और पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। अंत में उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं डीआईपीआर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story