जम्मू के शिव मार्केट अग्निकांड स्थल पहुंचे मंत्री जावेद अहमद राणा, प्रभावित दुकानदारों से की मुलाकात
जम्मू,, 31 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मार्केट में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों को राहत दिलाने के लिए सरकार की ओर से प्रयास जारी हैं। इसी सिलसिले में परिवहन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले और जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने शनिवार को शिव मार्केट का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने आग से प्रभावित दुकानों का जायजा लिया और पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं। मंत्री ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
दौरे के दौरान मंत्री जावेद अहमद राणा के साथ चैंबर ऑफ कॉमर्स जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता, शिव मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वजीत गुप्ता, संत सेवा आश्रम चैरिटेबल ट्रस्ट यानी शिव मंदिर मार्केट के अध्यक्ष शिव प्रताप सहित नेशनल कॉन्फ्रेंस की OBC सेल जम्मू के चेयरमैन भी मौजूद रहे।
मंत्री ने आग से प्रभावित दुकानदारों के साथ विस्तार से बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा मांगों के बारे में जानकारी ली। दुकानदारों ने बताया कि भीषण आग के कारण उनकी दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे उनके कारोबार के साथ-साथ परिवारों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ा है।
व्यापारियों ने कहा कि दुकानों को दोबारा तैयार करना और कारोबार शुरू करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने सरकार से अधिक से अधिक आर्थिक सहायता देने और दुकानों के पुनर्निर्माण में प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करवाने की मांग की।
इस मौके पर मंत्री जावेद अहमद राणा ने कहा कि सरकार प्रभावित दुकानदारों की परेशानियों से पूरी तरह वाकिफ है। उन्होंने जानकारी दी कि जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रभावित दुकानदारों के राहत संबंधी मामले पहले ही मुख्यमंत्री के पास आर्थिक सहायता की मंजूरी के लिए भेजे जा चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही राहत राशि को मंजूरी मिलेगी और प्रभावित व्यापारियों को सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आग से प्रभावित दुकानदारों को अपनी दुकानों के दोबारा निर्माण और कारोबार शुरू करने में किसी तरह की अनावश्यक प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और जरूरी औपचारिकताओं को जल्द पूरा करवाने में व्यापारियों की मदद करें, ताकि प्रभावित दुकानदार जल्द से जल्द अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें।
जावेद अहमद राणा ने कहा कि आग से तबाह हुई दुकानों का पुनर्निर्माण केवल इमारतों को दोबारा खड़ा करने का मामला नहीं है बल्कि इससे कई परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का कारोबार दोबारा शुरू होना जरूरी है ताकि प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके और बाजार की गतिविधियां फिर से सामान्य हो सकें।
उन्होंने प्रभावित दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों को संबंधित अधिकारियों के सामने उठाया जाएगा और राहत तथा पुनर्वास से जुड़े मामलों को समय पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रभावित व्यापारियों को जल्द राहत दिलाना और उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

