डोडा में गुज्जर-बकरवाल छात्रावासों का निरीक्षण, मंत्री जावेद राणा ने दिए सुविधाएं सुधारने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डोडा में गुज्जर-बकरवाल छात्रावासों का निरीक्षण, मंत्री जावेद राणा ने दिए सुविधाएं सुधारने के निर्देश


डोडा, 24 अप्रैल (हि.स.)। जनजातीय कार्य मंत्री जावेद अहमद राणा ने शुक्रवार को डोडा स्थित गुज्जर एवं बकरवाल छात्रावासों (लड़के व लड़कियों) का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्रावासों में आवश्यक सुविधाएं, शैक्षणिक व्यवस्था और छात्रों के रहने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपनी पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। राणा ने छात्रावासों के बुनियादी ढांचे को उन्नत करने और सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय छात्रों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान मंत्री ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों का जल्द समाधान किया जाएगा। इस मौके पर विधायक शक्ति राज परिहार, दलीप सिंह परिहार और जिला डोडा के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story