कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदू से नीचे दर्ज, सोनमर्ग घाटी का सबसे ठंडा स्थान

WhatsApp Channel Join Now
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदू से नीचे दर्ज, सोनमर्ग घाटी का सबसे ठंडा स्थान


श्रीनगर, 25 दिसंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है। शीतलहर भी लोगों की परेशानी का सबब बन रही है। इसी बीच कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में देर रात न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदू से नीचे दर्ज किया गया, जिसमें सोनमर्ग घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान -7.3 डिग्री सेल्सियस था।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में -4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। शोपियां और पुलवामा में भी तापमान शून्य से नीचे रहा, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः -4.0 डिग्री सेल्सियस और -3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर हवाई अड्डे पर न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शहर के केंद्र में न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस रहा। घाटी के अन्य हिस्सों में भी ठंड का प्रकोप रहा जहां अनंतनाग में -2.7 डिग्री सेल्सियस, पंपोर में -2.5 डिग्री सेल्सियस, बडगाम में -2.3 डिग्री सेल्सियस, कुपवाडा में -2.0 डिग्री सेल्सियस और काजीगुंड में -1.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा अवंतीपोरा में -1.6 डिग्री सेल्सियस, गांदरबल में -1.5 डिग्री सेल्सियस, बांदीपोरा में -1.4 डिग्री सेल्सियस, बारामूला में -0.9 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में -0.7 डिग्री सेल्सियस और कुलगाम में -0.5 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी में ठंड का प्रकोप जारी है। घाटी में चिल्लई कलां का दौर शुरू हो चुका है, जो सर्दियों का सबसे भीषण 40 दिवसीय चरण है और 21 दिसंबर से शुरू होकर 31 जनवरी तक चलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story