ग्रीन इंडिया मिशन के तहत कठुआ के लिए 4.55 करोड़ की माइक्रो प्लान प्रस्तावित

WhatsApp Channel Join Now
ग्रीन इंडिया मिशन के तहत कठुआ के लिए 4.55 करोड़ की माइक्रो प्लान प्रस्तावित


कठुआ, 18 सितंबर (हि.स.)। जिला विकास आयुक्त कठुआ राजेश शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को डीसी कार्यालय परिसर में ग्रीन इंडिया मिशन (जीआईएम) की जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए ग्रीन इंडिया मिशन की माइक्रो प्लान पर विस्तृत चर्चा कर उसे यूटी स्टीयरिंग कमेटी को भेजने की सिफारिश की गई।

बैठक में कठुआ जिले के कठुआ, बिलावर और बसोहली वन मंडलों में मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित डीएफओ ने मिशन के उद्देश्यों, निर्धारित क्षेत्रों और वर्ष 2023-24 से किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। समिति ने क्षतिग्रस्त खुले वनों के इको-रेस्टोरेशन कार्यों की भी समीक्षा की। कठुआ वन मंडल के कोली कोप्पर में 20 हेक्टेयर क्षेत्र में 15.37 लाख रुपये बिलावर में 75 हेक्टेयर में 6.11 लाख रुपये और बसोहली में 6 हेक्टेयर में 2.88 लाख रुपये के कार्यों की जानकारी दी गई। बैठक में वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए कुल 454.78 लाख रुपये के प्रस्तावित परिव्यय को मंजूरी की सिफारिश की गई। इसमें 2026-27 के अग्रिम कार्यों के लिए 167.90 लाख और 2027-28 के सृजन कार्यों के लिए 286.88 लाख रुपये प्रस्तावित हैं। डीसी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story