नशा मुक्त अभियान को लेकर डीआईजी श्रीधर पाटिल से की मुलाकात, युवाओं को नशे से दूर रखने और सकारात्मक समाज निर्माण पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
नशा मुक्त अभियान को लेकर डीआईजी श्रीधर पाटिल से की मुलाकात, युवाओं को नशे से दूर रखने और सकारात्मक समाज निर्माण पर हुई चर्चा


जम्मू, 09 मई (हि.स.)। श्री कैलख ज्योतिष एविम वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने जम्मू-कठुआ-सांबा रेंज के डीआईजी Sश्रीधर पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर जम्मू-कश्मीर में चल रहे नशा मुक्त अभियान, युवा जागरूकता और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर महंत रोहित शास्त्री ने एलजी मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए 100 दिवसीय नशा मुक्त अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और समाज को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि नशा आज युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुका है और ऐसे समय में प्रशासन तथा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान प्रेरणादायक है।

महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस नशे के खिलाफ जिस समर्पण और दृढ़ता के साथ काम कर रही है, वह पूरे देश के लिए उदाहरण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। साथ ही धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को भी प्रशासन के साथ मिलकर नशा मुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इस दौरान श्रीधर पाटिल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि युवाओं को जागरूक करने के लिए सामुदायिक संवाद, जनसंपर्क कार्यक्रम और कठोर कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग को इस मुहिम की सफलता के लिए आवश्यक बताया। भेंटवार्ता के दौरान सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर महंत रोहित शास्त्री ने डीआईजी श्रीधर पाटिल को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पर प्रकाशित विशेष “अभिनंदन ग्रंथ” भेंट कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी जनजागरण अभियानों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story