जम्मू-कश्मीर में 19 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 17 अप्रैल (हि.स.)। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि पिछले 12 घंटों में जम्मू-कश्मीर में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश हुई जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।

श्रीनगर के मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मुख्तार अहमद ने बताया कि 17 से 19 अप्रैल तक मौसम में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर विशेष रूप से सुबह और देर शाम के समय रुक-रुक कर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उन्होंने आगे बताया कि इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

अधिकारी ने बताया कि 20 से 24 अप्रैल तक मौसम में सुधार होने की उम्मीद है और केंद्र शासित प्रदेश में आमतौर पर शुष्क मौसम रहेगा। 25 और 26 अप्रैल को भी इसी तरह के मौसम का पूर्वानुमान है हालांकि दोपहर के समय कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम को तेज हवाओं के कारण घाटी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति में मामूली व्यवधान आया। मौसम विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए किसानों को 17 से 19 अप्रैल तक कृषि कार्य स्थगित करने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि फसलों को संभावित नुकसान से बचाने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर यह सलाह जारी की गई है। विभाग ने लोगों से विशेष रूप से तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने और आधिकारिक सलाहों का पालन करने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story