तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश-जसरोटिया बोले एकता और विकास से आगे बढ़ेगा जम्मू-कश्मीर
कठुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव जसरोटिया ने मंगलवार को मंडल डिंगा अंब में चिलख से परंगोली तक तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। तिरंगा हाथों में लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने यात्रा में भाग लिया तथा देशभक्ति के नारों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए राजीव जसरोटिया ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, संप्रभुता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों व सैनिकों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बीते वर्षों में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं और विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने में जनता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। देशभक्ति को जिम्मेदार नागरिकता, सामाजिक सहभागिता, अनुशासन और जनसेवा से जोड़ने की आवश्यकता है। जसरोटिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी जसरोता क्षेत्र में राष्ट्रवाद की मजबूत भावना को दर्शाती है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, मेहनत, अनुशासन और समाजसेवा के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
वहीं तिरंगा यात्रा के बाद परंगोली में आयोजित जनसभा में विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली, जल निकासी, रोजगार तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं उनके समक्ष रखीं। जसरोटिया ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जायज मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का जनता के बीच रहना और उनकी समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जसरोता क्षेत्र का विकास जन-केंद्रित होना चाहिए तथा बेहतर बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और सेवा भावना से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे गौरव और जिम्मेदारी के साथ मनाने तथा शांतिपूर्ण, समृद्ध और विकसित जम्मू-कश्मीर के निर्माण में सामूहिक योगदान देने की अपील की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

