जम्मू में नशे के खिलाफ गूंजा संदेश, नुक्कड़ नाटक ने जगाई चेतना

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में नशे के खिलाफ गूंजा संदेश, नुक्कड़ नाटक ने जगाई चेतना


जम्मू, 23 मार्च (हि.स.)। जम्मू के जीएमसी पार्क, काली माता मंदिर रिहाड़ी चुंगी के पास एक साथ रंग मंडल द्वारा अपनी 509वीं मंडे थियेटर प्रस्तुति के तहत प्रगतिशील नुक्कड़ नाटक ‘नशा एक चुनौती है’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। इस नाटक के माध्यम से समाज में बढ़ती नशे की समस्या और उसके दुष्परिणामों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। नाटक में दिखाया गया कि कैसे नशा युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रहा है और समाज में भय, चिंता व अस्थिरता का माहौल पैदा कर रहा है।

कलाकारों ने संदेश दिया कि जिस प्रकार हम बीमारी के समय इलाज ढूंढते हैं, उसी तरह नशे जैसी गंभीर चुनौती से भी मिलकर लड़ना होगा।

इस अवसर पर रंगकर्मी राम तीर्थ ने कहा कि नशा न केवल युवाओं बल्कि परिवारों और पूरे समाज के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागरूक रहें और इस बुराई के खिलाफ मिलकर ठोस कदम उठाएं। नाटक में शालिजा सिंह, रोमिका, पूनम, आर्यन, हनी और विजय मल्ला ने अपनी प्रभावशाली अदाकारी से दर्शकों को जागरूक किया। कार्यक्रम को देखने पहुंचे लोगों ने नाटक की विषयवस्तु और प्रस्तुति की सराहना की। यह नुक्कड़ नाटक विजय मल्ला द्वारा लिखा और निर्देशित किया गया, जिसने समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का सशक्त संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story