महबूबा मुफ्ती ने उपराज्यपाल सिन्हा से किश्तवाड़ यौन उत्पीड़न और हत्या मामले को पारदर्शी और समयबद्ध जांच के लिए अपराध शाखा को सौंपने का किया आग्रह

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 29 अगस्त (हि.स.)। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से किश्तवाड़ यौन उत्पीड़न और हत्या मामले को पारदर्शी और समयबद्ध जांच के लिए अपराध शाखा को सौंपने का आग्रह किया।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा ने एक पोस्ट में कहा कि यह घटना महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का सिर्फ एक और उदाहरण नहीं है बल्कि हमारे समाज की अंतरात्मा पर एक गहरा नासूर जैसा घाव है।

उन्होंने कहा कि दस दिन बीत जाने के बाद भी इस क्रूर अपराध पर चुप्पी पीड़ित परिवार के दुख को और गहरा कर रही है और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास को कम कर रही है। अगर अब निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई और दोषियों को मिसाल कायम करने वाली सजा नहीं दी गई तो ऐसे जघन्य अपराध बिना किसी दंड के जारी रहेंगे।

पीडीपी प्रमुख ने सिन्हा से निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच के लिए मामले को तुरंत अपराध शाखा को सौंपने का आग्रह किया। जम्मू के किश्तवाड़ जिले के चतरू इलाके में एक 15 वर्षीय आदिवासी लड़की के साथ उसके स्कूल शिक्षक ने कई महीनों तक बार-बार यौन उत्पीड़न किया जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई। 20 अगस्त को गर्भपात के प्रयास के बाद उसकी मृत्यु हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story