कठुआ के जीआईएस आधारित मास्टर प्लान पर बैठक, सतत विकास व ट्रैफिक जाम समाधान पर जोर
कठुआ, 29 मई (हि.स.)। कठुआ शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के तहत ड्राफ्ट लोकल एरिया प्लान तैयार करने को लेकर डीसी कार्यालय परिसर में हितधारकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमएलए कठुआ डॉ. भारत भूषण, एमएलए जसरोटा राजीव जसरोटिया, उपायुक्त राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में जीएनडीयू अमृतसर की प्रतिनिधि डॉ. साक्षी ने वर्चुअली प्रेजेंटेशन देते हुए योजनाबद्ध शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसुविधाओं पर जोर दिया। एमएलए डॉ. भारत भूषण ने बाढ़ प्रबंधन, कठुआ खड्ड के चैनलाइजेशन, पार्किंग की समस्या, मुख्य बाजार में भीड़भाड़ कम करने और ड्रेनेज सिस्टम सुधार जैसे मुद्दों को योजना में शामिल करने की बात कही। वहीं, एमएलए राजीव जसरोटिया ने आसपास के क्षेत्रों के संतुलित विकास पर जोर दिया। उपायुक्त राजेश शर्मा ने लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर मजबूत और प्रभावी योजना बनाने की आवश्यकता बताई। बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यापक सर्वे कर सुझाव लिए जाएंगे और उसके बाद अगली बैठक में योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

