अमरनाथ यात्रा की तैयारियों पर साधु धर्म स्थान सुरक्षा समिति की बैठक
जम्मू, 23 जून (हि.स.)। साधु धर्म स्थान सुरक्षा समिति जम्मू-कश्मीर की एक विशेष बैठक नरवाल मंडी जम्मू में गौ रक्षक अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी अमरनाथ यात्रा की तैयारियों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और उपराज्यपाल द्वारा अमरनाथ यात्रियों के लिए किए जा रहे सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक इंतजामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष महंत दत्त गिरी, महासचिव महंत हरिशानंद गिरी, महंत रमेश्वर गिरी, महंत विष्णु गिरी, महंत विशाल गिरी, महंत मुकेश गिरी, महंत कृष्ण गिरी, महंत महिंदर गिरी तथा रंजू गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में यह भी तय किया गया कि यात्रा के दौरान जम्मू पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी। सदस्यों ने सफल और शांतिपूर्ण अमरनाथ यात्रा के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प भी व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

