जम्मू के अलग राज्य की मांग को लेकर बिश्नाह में बैठक, आंदोलन को गांवों तक ले जाने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू के अलग राज्य की मांग को लेकर बिश्नाह में बैठक, आंदोलन को गांवों तक ले जाने पर जोर


जम्मू, 09 अगस्त (हि.स.)। जम्मू के लिए अलग राज्य की मांग को लेकर जम्मू स्टेट मूवमेंट की ओर से बिश्नाह में बैठक आयोजित की गई। बैठक को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने जम्मू के लोगों के साथ कथित भेदभाव और असमान व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए अलग राज्य की मांग के समर्थन में लोगों से एकजुट होने की अपील की।

अर्जुन सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद भी जम्मू के साथ न्याय नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराजा हरि सिंह के समय के बाद से जम्मू के लोग समान अधिकार, न्याय और उचित प्रतिनिधित्व की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने रोजगार, विकास और नीतिगत फैसलों में जम्मू के साथ कथित असमानता का आरोप लगाते हुए लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का आह्वान किया।

बैठक में जम्मू स्टेट मूवमेंट के संस्थापक दीपक सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जब लोगों की वास्तविक समस्याओं का लंबे समय तक समाधान नहीं होता तो लोकतांत्रिक आंदोलनों के माध्यम से अपनी मांग उठाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ नहीं बल्कि जम्मू के लोगों के अधिकार, सम्मान और न्याय की मांग को लेकर है। दीपक सिंह ने कहा कि जम्मू के लोगों ने पिछले कई दशकों में आतंकवाद, अलगाववाद, पथराव, भ्रष्टाचार, नशीले पदार्थों की तस्करी और पशु तस्करी जैसी विभिन्न चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने जम्मू की सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसांख्यिकीय पहचान से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता जताई।

बैठक में मौजूद लोगों ने जम्मू के लिए अलग राज्य की मांग का समर्थन किया। उन्होंने सभी वर्गों से एकजुट होकर कथित भेदभाव के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की अपील की।

प्रतिभागियों ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से जम्मू की राजनीतिक, प्रशासनिक और विकास संबंधी चिंताओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

जम्मू स्टेट मूवमेंट ने कहा कि अलग राज्य की मांग को लेकर उसका अभियान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। संगठन ने आंदोलन को जम्मू के विभिन्न गांवों और समाज के अलग-अलग वर्गों तक ले जाने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story