सार्थक मानसिक स्वास्थ्य पहल : बुजुर्गों की सेहत सुधार की नई उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
सार्थक मानसिक स्वास्थ्य पहल : बुजुर्गों की सेहत सुधार की नई उम्मीद


जम्मू, 04 मई (हि.स.)। अम्फल्ला स्थित वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए “सार्थक मानसिक स्वास्थ्य पहल” के तहत विशेष परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन हेल्पएज इंडिया के सहयोग से किया गया, जिसमें बुजुर्ग निवासियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन और परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। कार्यशाला का संचालन प्रोजेक्ट एग्जीक्यूटिव (सार्थक पहल) सुश्री इंदरजीत मान ने किया, जिन्होंने बुजुर्गों को संरचित परामर्श के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर जागरूक किया। वहीं हेल्पएज इंडिया के जम्मू-कश्मीर एम्बेसडर डॉ. परवीन योगराज ने चयनित निवासियों का विस्तृत चिकित्सीय मूल्यांकन भी किया।

पूर्व में किए गए मानसिक स्वास्थ्य आकलन में 36 निवासियों में से 7 को संज्ञानात्मक कमजोरी के चलते विशेष देखभाल के लिए चिन्हित किया गया था। अनुवर्ती जांच में सकारात्मक परिणाम सामने आए, जिसमें इन 7 में से 6 बुजुर्गों की मानसिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। हालांकि, एक निवासी की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सरकारी मनोरोग अस्पताल जम्मू रेफर किया गया है।

वृद्ध आश्रम के सचिव डॉ. दिनेश गुप्ता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के समग्र विकास के लिए मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। यह पहल बुजुर्गों की देखभाल के प्रति एक संवेदनशील और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को दर्शाती है, जो प्रारंभिक पहचान, निरंतर निगरानी और नियमित परामर्श पर आधारित है। वृद्ध आश्रम प्रबंधन ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story