एमबीबीएस के उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों ने एनएमसी से कश्मीर मेडिकल कॉलेज में दाखिले की मंजूरी देने का किया आग्रह

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 13 नवंबर (हि.स.)। लंबित मंजूरी के मुद्दे को जल्द सुलझाने की मांग को लेकर एमबीबीएस के छात्र और उनके अभिभावक शुक्रवार को श्रीनगर की प्रेस कॉलोनी में इकट्ठा हुए। उन्होंने नेशनल मेडिकल कमीशन से अपील की कि वे कश्मीर मेडिकल कॉलेज को जल्द से जल्द 'लेटर ऑफ परमिशन' (एलओपी) जारी करें ताकि दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो सके।

छात्रों और अभिभावकों ने कहा कि उनकी मांग का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि मेडिकल कॉलेज काम करना शुरू करे और दाखिले में और देरी न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे केवल इस मुद्दे का जल्द समाधान चाहते हैं न कि किसी व्यक्ति या संस्था को निशाना बना रहे हैं। छात्रों ने बताया कि एलओपी का मुद्दा पिछले पांच महीनों से लटका हुआ है। एक छात्र ने कहा कि हमने सितंबर में हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और 27 अक्टूबर को सुनवाई हमारे पक्ष में रही लेकिन मामला अभी भी हल नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि 16 नवंबर की समय-सीमा नजदीक आ रही है और कोर्ट की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होनी है। ऐसे में छात्र और उनके अभिभावक संबंधित अधिकारियों से अपील कर रहे हैं कि वे दखल दें और जरूरी मंजूरी दिलाने में मदद करें क्योंकि मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776257 Articles

Share this story