कटड़ा नवरात्र महोत्सव में ‘माता की कहानी’ ने मोहा दर्शकों का मन

WhatsApp Channel Join Now
कटड़ा नवरात्र महोत्सव में ‘माता की कहानी’ ने मोहा दर्शकों का मन


जम्मू, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र महोत्सव-2026 के दौरान नटरंग जम्मू की ओर से प्रस्तुत नाटक ‘माता की कहानी’ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। माता वैष्णो देवी के परम भक्त श्रीधर की प्रेरणादायक कथा पर आधारित इस प्रस्तुति में अटूट आस्था, भक्ति, विनम्रता और माता के दिव्य आशीर्वाद को प्रभावशाली ढंग से मंच पर दर्शाया गया है। कटड़ा में आयोजित इस महोत्सव का आयोजन श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग की ओर से किया जा रहा है।

प्रख्यात रंगमंच निर्देशक बलवंत ठाकुर की परिकल्पना और रचनात्मक दृष्टि ने इस धार्मिक कथा को प्रभावशाली नाट्य रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रस्तुति के माध्यम से पारंपरिक आस्था और आधुनिक रंगमंच का सुंदर मेल देखने को मिल रहा है। नाटक की सशक्त कहानी, मंच सज्जा और कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया है। कटड़ा जैसे प्रमुख तीर्थस्थल पर इस प्रस्तुति ने नवरात्र महोत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को विशेष आयाम दिया है।

इस नाट्य प्रस्तुति को जीवंत बनाने में कलाकारों और तकनीकी टीम का भी अहम योगदान रहा। निर्देशन में नीरज कांत, मंच सज्जा में गौरव अंगुराल, भविष्य अग्रवाल और राहुल गुप्ता ने योगदान दिया। वेशभूषा एवं मंच सामग्री की जिम्मेदारी राहुल सिंह, पवन वर्मा, मोहम्मद यासीन और महिक्षित सिंह ने संभाली। सनी मूजू ने नृत्य संयोजन किया जबकि शिवम सिंह ने प्रकाश व्यवस्था तैयार की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762182 Articles

Share this story