चीनी चौक में दो मंज़िला घर में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से दो भाई घायल

WhatsApp Channel Join Now

अनंतनाग, 12 जुलाई(हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग ज़िले के चीनी चौक इलाके में एक दो-मंज़िला रिहायशी घर में भीषण आग लगने से आसमान में धुएं के गुबार छा गए जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई और गैस सिलेंडर फटने से दो भाई घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग के ज़िला फायर हेडक्वार्टर को आग लगने की सूचना देने वाली कई कॉल मिलीं। हेडक्वार्टर अनंतनाग और सिटी फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। स्थानीय लोगों की मदद से फायरफाइटर्स ने आग पर काबू पाने और उसे आस-पास की इमारतों में फैलने से रोकने के लिए ज़ोरदार अभियान चलाया। अभियान के दौरान घर के अंदर एक गैस सिलेंडर फट गया जिससे एक ही परिवार के दो भाई घायल हो गए। घायलों की पहचान ज़ीशान फिरदौस पिता फिरदौस अहमद हाफ़िज़ के तौर पर हुई है जो बुरी तरह झुलस गए थे और उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल भेजा गया।

वही दूसरे भाई की पहचान आकिब फिरदौस पिता फिरदौस अहमद हाफ़िज़ के तौर पर हुई है जिन्हें मामूली चोटें आई उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग दो-मंज़िला रिहायशी घर में लगी थी। एहतियात के तौर पर मदद के लिए मट्टन फायर स्टेशन को भी बुलाया गया था लेकिन स्थिति नियंत्रण में आने के बाद उन्हें वापस बुला लिया गया। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज़ के सीनियर अधिकारी पूरे ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद रहे। आग बुझाने का काम एडीजीपी/डायरेक्टर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज़ आलोक कुमार (आईपीएस) की देखरेख में किया गया जिन्होंने पूरे ऑपरेशन पर नज़र रखी जबकि सीनियर अधिकारी ऑपरेशन के दौरान ज़मीन पर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story