अखनूर में नशा मुक्ति जागरूकता बाइक रैली का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 05 मई (हि.स.)।

नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए अखनूर प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सोमवार को विशाल ड्रग डी-एडिक्शन अवेयरनेस बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ कामेश्वर मंदिर अखनूर से महामंडलेश्वर रमेश्वर दास जी महाराज ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने समाज से नशे की बुराई को खत्म करने के लिए प्रशासन और पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

रैली में सैकड़ों युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में एसपी रूरल रविंद्र सिंह, एसडीएम अखनूर मुख्तार अहमद, एसडीपीओ अखनूर वरिंदर गुप्ता, डीएसपी ट्रैफिक रूरल तिलक भारद्वाज तथा एसएचओ अखनूर राजेश जसरोतिया भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। रैली अखनूर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा अखनूर को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story