भलवाल में निकाली गई विशाल नशा मुक्ति जागरूकता पदयात्रा, युवाओं ने लिया नशे के खिलाफ संकल्प
जम्मू, 07 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से भलवाल क्षेत्र में एक विशाल जन-जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर अभियान” के अंतर्गत श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह जागरूकता पदयात्रा भलवाल चौक से शुरू होकर एस.डी. मेमोरियल स्कूल करवांडा, जम्मू नॉर्थ विधानसभा तक निकाली गई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो युवा बचाओ–भविष्य बचाओ तथा नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर–हमारा संकल्प जैसे नारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। पदयात्रा के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर सामाजिक और मानसिक चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आता है तो देश और समाज दोनों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे इस अभियान को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना आज सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी बन चुकी है और इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट भविष्य में भी नशा मुक्ति, युवा जागरूकता और सामाजिक सुधार से जुड़े अभियान जारी रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को खेल, शिक्षा, योग, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आर.के. छिब्बर, एसडीएम नॉर्थ दीपक कुमार, एसपी रूरल रविंदर सिंह, तहसीलदार भलवाल मोनिका शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

