भलवाल में नशा मुक्ति जन-जागरूकता पदयात्रा का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 07 मई (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को भलवाल क्षेत्र में एक विशाल जन-जागरूकता पदयात्रा का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर अभियान” के तहत आयोजित हुआ। आयोजन श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा किया गया जिसमें युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

पदयात्रा भलवाल चौक से शुरू होकर एस.डी. मेमोरियल स्कूल करवांडा (जम्मू नॉर्थ विधानसभा) तक निकाली गई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो”, “युवा बचाओ – भविष्य बचाओ” और “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर – हमारा संकल्प” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि यह नशे की ओर बढ़ती है तो समाज का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने ऐसे अभियानों को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

वहीं श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और ट्रस्ट इस दिशा में लगातार जागरूकता अभियान चलाता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story