उपराज्यपाल ने किश्तवाड़ जिले में मारे गए दो एसपीओ के परिवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 29 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के परिजनों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपे। इन एसपीओ की इस महीने की शुरुआत में किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी।

किश्तवाड़ के कियार गांव के रहने वाले एसपीओ भाबी चंद (57) और रचपाल कुमार (45) के गोलियों से छलनी शव 12 नवंबर को किश्तवाड़ के दच्छन वन क्षेत्र से बरामद किए गए थे। वे एक दिन पहले जंगल के रास्ते पैदल ही पास की मरवाह तहसील में बसनांद स्थित सुरक्षा चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे। अनुकंपा नियुक्ति पत्र भाबी चंद के बेटे सनी कुमार और रचपाल कुमार के बेटे अक्षर ठाकुर को सौंपे गए। लोक भवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें किश्तवाड़ जिले के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग में नियुक्त किया गया है।

उपराज्यपाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज मैंने जम्मू-कश्मीर पुलिस के बहादुर जवानों -एसपीओ रचपाल कुमार और एसपीओ भाबी चंद के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे। इन जवानों ने इस महीने की शुरुआत में किश्तवाड़ में अपनी ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।

इन बहादुर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए सिन्हा ने उनके शोक संतप्त परिवारों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर कदम पर उनके साथ मजबूती से खड़ा है और भविष्य में भी हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उपराज्यपाल ने कियार दच्छन से आए एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाई गई मांगों पर भी चर्चा की। इन मांगों में मुख्य रूप से सड़क और मोबाइल कनेक्टिविटी में सुधार करना औरएसपीओ की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाना शामिल था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story