भदरवाह में बाज़ार निरीक्षण अभियान: 50 किलो सड़े हुए फल और सब्ज़ियाँ नष्ट, उल्लंघनकर्ताओं पर जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now

भदरवाह, 07 मार्च (हि.स.)।

खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्वच्छता मानकों को बनाए रखने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) भदरवाह के नेतृत्व में एक संयुक्त निरीक्षण दल ने शनिवार को भदरवाह कस्बे के मुख्य बाजारों में बाज़ार निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान, स्थानीय प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग, भदरवाह नगर समिति, पशुपालन विभाग, पुलिस और उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण (सीएपीडी) विभाग के अधिकारियों वाले संयुक्त दल ने लगभग 50 किलोग्राम सड़े हुए फल और सब्ज़ियाँ नष्ट कर दीं।

दल ने लगभग 3 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग भी जब्त कर नष्ट कर दिए। अधिकारियों ने कई उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की सिफारिश की गई जबकि खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अतिरिक्त, उचित आवरण के बिना मांस बेचने वाले मटन और चिकन विक्रेताओं से 2,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यह निरीक्षण अभियान भदरवाह के एडीसी की देखरेख में चलाया गया और इसमें तहसीलदार और नायब तहसीलदार भदरवाह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, टीएसओ भदरवाह, एसएचओ, भदरवाह नगर समिति के स्वच्छता निरीक्षक और पशुपालन विभाग के एक पशु चिकित्सक शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story